आदित्यपुर। क्षेत्र में बढ़ती कनकनी और शीतलहर को देखते हुए आदित्यपुर नगर निगम ने जनसेवा की दिशा में कदम बढ़ाया है। नगर निगम के निर्देशानुसार सभी वार्डों में कंबल वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को वार्ड संख्या 18 स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह वितरण कार्यक्रम निवर्तमान वार्ड पार्षद रंजन सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लगभग 70 असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड में राहत मिलने से स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी देखी गई।
पारदर्शिता के लिए आधार कार्ड का सत्यापन
रंजन सिंह ने बताया कि वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पहले लाभुकों की एक सूची तैयार की गई थी। सभी के आधार कार्ड जमा कर उनकी पात्रता सुनिश्चित की गई, जिसके बाद ही उन्हें कंबल प्रदान किए गए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि निगम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सहायता वास्तविक हकदारों तक पहुंचे।
जल्द लगेगा विशेष कैंप
जिन लोगों को किन्हीं कारणों से इस बार कंबल नहीं मिल पाया है, उन्हें आश्वासन देते हुए रंजन सिंह ने कहा कि वे निराश न हों। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही एक विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा, जहां वृहद स्तर पर दोबारा कंबल बांटे जाएंगे, ताकि वार्ड का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड में असहाय महसूस न करे।




1 Comment
Pingback: Adityapur: कोल्हान को मिलेगी बड़ी स्वास्थ्य सौगात: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल करेंगे 650 बेड वाले नेताजी स