Adityapur : मजदूर आंदोलन के अग्रणी और सीटू से संबद्ध टिस्को मजदूर यूनियन के संस्थापक सदस्यों में शामिल वरिष्ठ नेता के के त्रिपाठी का शुक्रवार प्रातः करीब 10 बजे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से मजदूर जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
ये भी पढ़े:- Adityapur: स्वर्णरेखा परियोजना अपर निदेशक रंजना मिश्रा के पति ब्रज किशोर झा का निधन
स्वर्गीय त्रिपाठी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार शनिवार को पार्वती घाट पर किया जाएगा। इसके लिए सुबह 10 बजे उनके आदित्यपुर-1, मार्ग संख्या 18 स्थित आवास से शवयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर, यूनियन सदस्य और आम लोग शामिल होंगे।समाज विज्ञानी रवीन्द्रनाथ चौबे ने उनके निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि श्री त्रिपाठी का जाना मजदूर आंदोलन के एक युग की समाप्ति है। टिस्को के मजदूरों की न्यायोचित मांगों को लागू कराने और श्रमिकों के हक की लड़ाई में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।
त्रिपाठी जी ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित किया। वे न केवल एक संगठनकर्ता थे बल्कि श्रमिक वर्ग की आवाज़ बुलंद करने वाले मजबूत स्तंभ भी थे। मजदूरों के बीच उनकी लोकप्रियता और संघर्षशील छवि आज भी मिसाल है।उनके निधन से आदित्यपुर सहित पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है। श्रमिक संगठनों और सामाजिक संगठनों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

