Adityapur (आदित्यपुर) : नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आदित्यपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुख्यात महिला ड्रग तस्कर डोली परवीन के बेटे शाहबाज खान (उम्र लगभग 19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई शनिवार, 11 जुलाई 2026 की रात को की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी मुस्लिम बस्ती इलाके में देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्लिम बस्ती में छापेमारी की और शाहबाज खान को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, शाहबाज खान आदित्यपुर थाना कांड संख्या 303/2025 में काफी समय से फरार चल रहा था। रविवार को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बाहरी राज्यों से जुड़ा है नेटवर्क
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शाहबाज खान अवैध रूप से झारखंड के बाहर (अन्य राज्यों) से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की खेप लेकर आता था। इसके बाद वह आदित्यपुर और आसपास के विभिन्न इलाकों में छोटे-छोटे ड्रग पैडलर्स के माध्यम से इसे बेचने का काला कारोबार चला रहा था।
गौरतलब है कि शाहबाज की मां डोली परवीन पहले से ही ड्रग तस्करी के मामले में जेल में बंद है। शाहबाज का भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह इससे पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में जेल की हवा खा चुका है। स्थानीय पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।








