आदित्यपुर: इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, सरायकेला-खरसावां इकाई के तत्वावधान में जियाड़ा (JIADA) आदित्यपुर कैंपस में एक दिवसीय विशाल स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों और कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं नेत्र देखभाल उपलब्ध कराना था। शिविर का औपचारिक उद्घाटन क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में बेहद मददगार साबित होता है।

दिन भर चले इस जांच शिविर में कुल 113 लोगों के स्वास्थ्य और आंखों की विस्तृत जांच की गई। विशेषज्ञों द्वारा नेत्र जांच के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया। शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने और आयोजन को सफल बनाने में रेड क्रॉस सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्यों राजेश मिश्रा, संतोष सिंह एवं मनोज पासवान का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यकर्ताओं ने मरीजों के पंजीकरण से लेकर डॉक्टरों के परामर्श तक की प्रक्रिया में तत्परता से सेवा दी।
रेड क्रॉस सरायकेला-खरसावां के सचिव दया शंकर मिश्रा ने शिविर के सफल समापन पर मुख्य अतिथि, चिकित्सकों की टीम और उपस्थित सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी भविष्य में भी जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े ऐसे सामाजिक कार्यों को निरंतर आयोजित करती रहेगी।








