चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। समारोह में झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सिंहभूम सांसद जोबा माझी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में स्थापना कार्यालय के अंतर्गत अनुकंपा एवं उग्रवादी अनुकंपा के आधार पर 34 लिपिक और 7 आदेशपाल, समाज कल्याण विभाग की 21 सेविकाएं और 32 सहायिकाएं, जिला आयुष कार्यालय के 1 जिला कार्यक्रम प्रबंधक और 25 योग प्रशिक्षक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 5 प्रखंड समन्वयक, डीएमएफटी मद से कक्षा 9-10 के लिए 30 तथा कक्षा 11-12 के लिए 8 अनुशिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के 3 बहुउद्देशीय कार्यकर्ता एवं 5 सहायक कर्मी तथा कोल्हान अधीक्षक कार्यालय के 7 मुंडा सहित कुल 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
मुख्य अतिथि मंत्री दीपक बिरुआ ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राज्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए लगातार प्रयासरत है।
सांसद जोबा माझी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और जनसेवा को प्राथमिकता दें।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक सरकारी पद के साथ बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी होती है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी कार्य संस्कृति अपनाने तथा आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहकर सेवाएं देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कर्मी अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।








