चाईबासा/चक्रधरपुर: झारखंड में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण भीड़ द्वारा हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के हाथिया पंचायत अंतर्गत रामडा गांव में एक वृद्ध महिला को बच्चा चोर होने के संदेह में ग्रामीणों ने बेरहमी से पीट दिया।
East Singhbhum Child Kidnap Rumor : बच्चा चोरी की अफवाह में दो मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को एक अज्ञात वृद्ध महिला गांव में पहुंची थी। कुछ लोगों को उस पर बच्चा चोरी करने का शक हुआ और देखते ही देखते गांव में अफवाह फैल गई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने महिला को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान महिला के सिर में सूजन आ गई और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि महिला बच्चा चोरी के इरादे से गांव में आई थी। हालांकि जब उससे पूछताछ की गई तो वह अपने बारे में सही जानकारी नहीं दे सकी। उसकी बातचीत और व्यवहार को देखकर यह भी आशंका जताई जा रही है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकती है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार मामले की गंभीरता को देखते हुए रामडा गांव पहुंचे और घायल महिला को भीड़ से सुरक्षित निकालकर पीसीआर वैन के माध्यम से चक्रधरपुर थाना ले आए। इससे पहले महिला का चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज कराया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रही है। फिलहाल पुलिस उसके परिजनों का पता लगाने और उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण कई स्थानों पर भीड़ द्वारा निर्दोष लोगों की पिटाई की घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में मानसिक रूप से अस्वस्थ या भटककर आए लोगों को बच्चा चोर समझकर पीट दिया गया, जिससे गंभीर परिणाम भी सामने आए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







