Chaibasa (चाईबासा) : घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर प्रखंड में ग्रामीण महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई के नेतृत्व में महिलाओं ने गैस सिलेंडर लेकर सांकेतिक पदयात्रा निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि 7 मार्च 2026 को घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी से ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा पहले मुफ्त सिलेंडर देकर लोगों को गैस उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया, लेकिन अब लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों के लिए सिलेंडर भरवाना मुश्किल बना दिया है।
ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि पहले ही महंगाई से जीवनयापन कठिन हो गया है। ऐसे में गैस की कीमतों में वृद्धि ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उनका कहना था कि मजदूरी और रोजगार के अवसर कम होने के कारण परिवार का खर्च चलाना कठिन हो रहा है, जबकि दूसरी ओर जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में गैस समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब, किसान और मजदूर वर्ग पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और रोजगार की कमी से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता को रोजगार और राहत की जरूरत है, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों से लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि वापस लेने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में सीता गोप, धनी हांसदा, पुष्पा बान्डरा, अंजलि बान्डरा, एमलिन बोयपाई, दुर्गावती देवगम, लक्ष्मी सामड, विमला गोप, सुशीला सवैंया, ग्रेस पुरती, ऊषा देवगम, मुक्ति तियु, जयंती बोदरा, नीतिमा सामड, शुक्रमुनी सामड, जमुना गोप, उर्मिला केशरी, लक्ष्मी मुखी, फुलमनी सिरका, सुमी पुरती, जकरिया बोदरा, बोडराम सुन्डी, सेंट सिरका, सुजाता बोयपाई सहित कई ग्रामीण महिलाएं मौजूद थीं।
http://अवैध रूप से रखे गैस सिलेंडर जब्त करने के मामले में बीडीओ ने 6 बिंदु पर मांगा जवाब








