चाईबासा: लोकतंत्र, मताधिकार और संविधान के मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से कांग्रेस की ओर से 7 अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से प्रेस-वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस-वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मताधिकार की सुरक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के जरिए आम लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ होगा समन्वय
जिला प्रभारी सह प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र सोनकर ने बताया कि कांग्रेस देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत पश्चिमी सिंहभूम में भी इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित कर मार्च में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मार्च की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
राजद ने भी दिया समर्थन
राजद युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च में राजद कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 7 अक्टूबर को होने वाले जिला स्तरीय मार्च के माध्यम से लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और वयस्क मताधिकार के संवैधानिक महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की।
प्रेस-वार्ता में प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, राम सिंह सावैयां, रईस रिजवी छब्बन, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, कामगार जिलाध्यक्ष हसलुद्दीन खान एवं शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान उपस्थित रहे।








