घायल शफीउर रहमान का टीएमएच में चल रहा है इलाज, कपाली थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में आरोपी मोहम्मद अयान दबोचा गया
सरायकेला-खरसावां / जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी (थाना) क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर देखने को मिला, जहां हत्या की नीयत से एक युवक पर गोली चला दी गई। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के आगे अपराधी ज्यादा देर टिक नहीं सका और वारदात के महज चार घंटे के भीतर ही पुलिस ने उसे हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

कपाली में गोलीबारी, मोहम्मद फैयाज आलम उर्फ पिजू घायल; पुलिस ने एक युवक को पकड़ा
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाकिर नगर (रोड नंबर-12, मकान संख्या-41) निवासी शफीउर रहमान पर डांगोडीह, कपाली निवासी मोहम्मद अयान द्वारा जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई गई। घटना की सूचना मिलते ही कपाली थाना प्रभारी अविनाश कुमार दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल शफीउर रहमान को इलाज के लिए ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने तुरंत विशेष टीम के साथ संभावित ठिकानों पर सघन छापामारी अभियान शुरू किया। पुलिस की इस तेज घेराबंदी के परिणामस्वरूप घटना के महज चार घंटे के अंदर ही मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान को वारदात में प्रयुक्त हथियार के साथ धर दबोचा गया।
फिलहाल, गोलीबारी की इस घटना के पीछे मुख्य कारण क्या थे और इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है या अन्य कोई विवाद, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।








