Gamharia (गम्हरिया) : गम्हरिया थाना परिसर स्थित मंदिर में रविवार, 29 नवंबर 2026 को भगवान भोलेनाथ का भव्य रुद्राभिषेक एवं हवन-यज्ञ आयोजित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और अमन-चैन कायम रहने की कामना की गई। अनुष्ठान के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

थाना प्रभारी राजेश टुडू एवं समाजसेवी कन्हैया सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे हुई। करीब चार घंटे तक पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और हवन-यज्ञ पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाजसेवी कन्हैया सिंह एवं ऋषि मिश्रा मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए।
मुख्य यजमान कन्हैया सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में गम्हरिया थाना क्षेत्र में हुई अप्रिय घटना के बाद क्षेत्र में बने अशांत माहौल को दूर करने तथा आपसी सद्भाव और शांति स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष धार्मिक अनुष्ठान कराया गया। उन्होंने कहा कि मनुष्य ईश्वर से प्रार्थना कर सकता है, जबकि बाकी सब भगवान की इच्छा पर निर्भर है। भगवान शिव, बजरंगबली और सिद्धिविनायक से क्षेत्र में शांति बनाए रखने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने की प्रार्थना की गई।
वहीं, यजमान ऋषि मिश्रा ने कहा कि इस अनुष्ठान के जरिए स्थानीय दुकानदारों, बस्तीवासियों और कंपनी कर्मियों के जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। उन्होंने कहा कि पुरानी घटनाओं को दोहराने के बजाय सभी के कल्याण और बेहतर भविष्य के लिए ईश्वर का आशीर्वाद लेना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।
अनुष्ठान की पूर्णाहुति के बाद दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के हजारों श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।







