आदिवासी हो समाज महासभा के इतिहास में नया अध्याय; सरकारी शिक्षक, लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता हरीश चंद्र सामड अगले तीन वर्षों तक करेंगे समाज का नेतृत्व
Chaibasa (चाईबासा) : आदिवासी हो समाज महासभा के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। महासभा के संस्थापक सागू सामड के पुत्र हरीश चंद्र सामड चुनाव जीतकर संगठन के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। यह पहली बार है जब संस्थापक सागू सामड के परिवार से कोई सदस्य चुनाव के माध्यम से महासभा के सर्वोच्च पद पर पहुंचा है। उनके निर्वाचन के साथ ही पिता की सामाजिक विरासत और संगठनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर आ गई है।
हरीश चंद्र सामड पेशे से सरकारी शिक्षक हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त हरीश ने इतिहास विषय में डबल एमए की डिग्री हासिल की है। शिक्षण कार्य के अलावा उनकी पहचान लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी रही है। सामाजिक गतिविधियों में उनकी पत्नी अंजू सामड भी सक्रिय सहयोग करती हैं और हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहती हैं।

संस्थापक पिता की विरासत से जुड़ा ऐतिहासिक अवसर
आदिवासी हो समाज महासभा की स्थापना 3 मई 1981 को हरीश चंद्र सामड के पिता सागू सामड ने अपने शिक्षक साथियों के साथ मिलकर की थी। समाज को संगठित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित महासभा के प्रथम निर्विरोध संस्थापक अध्यक्ष सागू सामड रहे। उन्होंने लगभग एक दशक तक संगठन का नेतृत्व करते हुए इसकी बुनियाद मजबूत की थी।
ऐसे में उनके पुत्र का अध्यक्ष निर्वाचित होना केवल एक पारिवारिक उपलब्धि नहीं, बल्कि महासभा के संस्थापक परिवार से जुड़ी सामाजिक विरासत के नए दौर की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है। संगठन के इतिहास में पहली बार संस्थापक के परिवार से कोई सदस्य चुनाव जीतकर अध्यक्ष पद पर पहुंचा है।

निष्पक्षता और पारदर्शिता से करेंगे नेतृत्व
नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरीश चंद्र सामड ने कहा कि वे अध्यक्ष पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करेंगे। उनके लिए समाजहित सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने संगठन के दायित्वों को गंभीरता से निभाने और समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई है।
तीन वर्षों तक करेंगे हो समाज का नेतृत्व
हरीश चंद्र सामड अगले तीन वर्षों तक आदिवासी हो समाज महासभा के अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे। इस अवधि में उन्हें देशभर में फैले हो समुदाय का नेतृत्व और प्रतिनिधित्व करना होगा।
उनके निर्वाचन के बाद समाज के लोगों की नजरें अब नए नेतृत्व की कार्ययोजना, संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता, शिक्षा, भाषा-संस्कृति के संरक्षण और समाज के व्यापक हितों से जुड़े मुद्दों पर होंगी। संस्थापक सागू सामड की विरासत को आगे बढ़ाते हुए हरीश चंद्र सामड के सामने संगठन को नई दिशा देने की चुनौती और अवसर दोनों हैं।
http://आदिवासी हो समाज महासभा चुनाव: स्क्रूटनी में सभी पांच उम्मीदवार पास, तीन निर्विरोध निर्वाचित







