Saraikela (सरायकेला) : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित अमलगम कंपनी के मुख्य गेट पर गुरुवार सुबह से विस्थापित कालिंदी परिवारों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे डेगची-बर्तन के साथ कंपनी गेट के सामने बैठ गए, जिससे कंपनी का प्रवेश और निकास प्रभावित हो गया।

Kandra GST raid:अमलगम स्टील में जीएसटी विभाग की टीम की छापेमारी, घंटों चली जांच
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि वर्ष 2003 में कंपनी स्थापना के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित की गई थी। उस समय प्रभावित परिवारों को नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन करीब 23 साल बीत जाने के बाद भी सभी परिवारों को स्थायी रोजगार नहीं मिला।
धरना पर बैठे ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से रोजगार की मांग कर रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता रहा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार कंपनी अधिकारियों के साथ वार्ता की गई और जिला प्रशासन को भी लिखित शिकायत सौंपी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि यदि कंपनी रोजगार देने में असमर्थ है तो उनकी जमीन वापस की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की ओर से कोई सक्षम अधिकारी वार्ता के लिए नहीं आता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
गेट जाम के कारण कंपनी परिसर में आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौके पर कांड्रा थाना पुलिस तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासन और कंपनी प्रतिनिधियों के साथ संभावित वार्ता को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।







