गुआ डाकघर घोटाला: उप डाकपाल ने 50 लाख रुपये उड़ाए, ऑनलाइन जुए में गंवाई जनता की जमा पूंजी

Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुआ डाकघर में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। यहां के तत्कालीन उप डाकपाल विकास चंद्र कुईला (46 वर्ष) को लगभग 50 लाख रुपये की फर्जी निकासी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं में जमा ग्राहकों की रकम का गबन कर उसे ऑनलाइन जुआ और कसीनो ऐप्स में उड़ा दिया।

गुआ डाकघर में करोड़ों रुपये के फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) घोटाले की जांच करने पहुंचे वरीय डाक अधीक्षक, कहा – तीन माह में लौटाया जाएगा गबन किया गया पैसा

यह मामला 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच का है। इस दौरान विकास कुईला ने कुल 50,56,473 रुपये की अवैध निकासी की। जब खातों के मिलान में अनियमितता पाई गई तो डाक निरीक्षक सुमन कुमार सांमता ने इसकी शिकायत दर्ज कराई। इस पर गुआ थाना में कांड संख्या 34/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी उप डाकपाल

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी ने रकम को Delta Exchange और Dhoom 999 Casino जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जुए में दांव पर लगाया। इसके अलावा उसने मुर्गा पाड़ा हब्बा डब्बा जैसे स्थानीय जुआ स्थलों पर भी पैसे गंवाए।

पुलिस ने जब आरोपी के एसबीआई और डाकघर खातों की जांच की तो बड़े पैमाने पर संदिग्ध लेनदेन का पता चला। पश्चिम सिंहभूम के एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (किरीबुरू) अजय केरकेट्टा के नेतृत्व में एक टीम ने टुंगरी स्थित उसके आवास पर छापेमारी की। मौके पर उसकी पत्नी और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उसके पास से OPPO कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में विकास कुईला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उसके खातों और लेनदेन से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रही है ताकि रकम की वसूली और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।

http://बैंक ऑफ़ इडिया गुआ शाखा प्रबंधक ने किया करोड़ों रुपए का गबन, थाना में हुआ केस दर्ज, शाखा प्रबंधक निलंबित

Share करें

✓ Link copy हो गया!