जमशेदपुर, 10 सितंबर 2026: छोटा गोविंदपुर स्थित पटेल स्कूल परिसर में गुरुवार को स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नुवोको के मैकेनिकल हेड अमित कुमार सिंह उपस्थित रहे।
शिविर में 200 से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने बच्चों की आंखों की जांच की, जबकि डॉ. अभिषेक सिंह ने दंत परीक्षण किया। इसके अलावा बच्चों का ब्लड प्रेशर, वजन सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच भी की गई।
कार्यक्रम में डॉ. जया सूर्या, सुधीर कुमार, मुखिया रंजीत सिंह, अंजय सिंह, सतबीर सिंह बग्गा, पटेल हाई स्कूल की प्राचार्या सरिता जसवाल, मिडिल स्कूल के प्रधानाध्यापक जय कुमार महतो सहित जाक्ता सोरेन, किशुन मुर्मू, अमरेश कुमार त्रिपाठी, आशना कुमारी एवं सूरज कुमार सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में ARVAT Foundation की ओर से नेहा श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। वहीं, 200 से अधिक बच्चों ने नशा मुक्ति अभियान के तहत हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को कम उम्र से ही स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण और यादगार बना दिया।
स्वास्थ्य जांच, नशा मुक्ति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक साथ जोड़कर आयोजित किया गया यह शिविर बच्चों के स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।







