बेरोजगार हो जाएं तैयार, झारखंड सरकार बड़े पैमाने पर करने जा रही है नियुक्ति प्रक्रिया, CM ने दिए निर्देश

Ranchi:- झारखंड सरकार राज्य में जल्द ही बड़े पैमाने पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुल तीन विभागों में ही 55,524 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए है. सीएम मंगलवार को गृह, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग में रिक्त पदों की समीक्षा कर रहे थे. सीएम ने तीनों विभागों में क्रमशः गृह विभाग के 13,473, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के 38,000 और वन विभाग के 4,051 विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया.

सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तीनों विभागों में नियुक्ति नियमावली की सभी बाधाओं को दूर कर 1 माह के भीतर अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेजे.

मुख्यमंत्री ने कहा है कि नियुक्ति प्रारंभ होने से राज्य के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर मिलेगा और संबंधित विभागों में रिक्त पड़े पदों को तत्काल भरा जा सकेगा. बैठक में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव–सह-प्रधान सचिव एल. ख्यांगते, डीजीपी नीरज सिन्हा, गृह विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव राजेश शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एके रस्तोगी, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजय श्रीवास्तव सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *