चाईबासा : झारखंड के चाईबासा स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुदापी गांव के मटकमहातु टोला निवासी डूगुद बुड़ीजली उर्फ कोंदा (20), सिदिऊ मुंडरी उर्फ कोंका (26) और मंडरू उर्फ जम्बीरा गोप (30) शामिल हैं।
पीड़िता द्वारा 6 मई 2026 को झींकपानी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के अनुसार अप्रैल माह में जब युवती अपने घर में अकेली झाड़ू लगा रही थी, तभी गांव के ही तीन युवकों ने घर में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष छापामारी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई। परीक्ष्यमान आईपीएस-सह-थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू और चाईबासा सदर एसडीपीओ बहामन टुटी के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
इस अभियान में निरीक्षक राजीव रंजन मिश्रा, महबा मिंज तथा तकनीकी शाखा की टीम को भी शामिल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज होते ही पीड़िता की मेडिकल जांच कराई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़ों को बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ बहामन टुटी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
http://Chaibasa POCSO Case: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 15 साल की सजा, कोर्ट का बड़ा फैसला







