चाईबासा : चाईबासा के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में मंझारी थाना क्षेत्र के चार गांवों में उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है।
संयुक्त टीम ने ग्राम तिलैपी, कुम्मराम, लमजोरी और भागाविला में एक साथ छापेमारी कर अवैध शराब कारोबारियों के कई ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
चाईबासा में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उत्पाद टीम पर हमला, एएसआई गंभीर
25 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने 11.05 लीटर बीयर, 9.375 लीटर विदेशी शराब और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। कुल मिलाकर 25 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई है।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान जिले में अवैध शराब के नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में लगातार जारी रहेगा।
चार आरोपी गिरफ्तार, उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज
उत्पाद अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मंझारी थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जहरीली शराब पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी
उत्पाद विभाग के अनुसार जिला उपायुक्त के निर्देश पर पूरे पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के खिलाफ नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जहरीली शराब से होने वाली घटनाओं को रोकना और सरकार को होने वाले राजस्व नुकसान को कम करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में जिले के अन्य इलाकों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस या उत्पाद विभाग को दें।
http://पश्चिमी सिंहभूम अवैध शराब छापेमारी: बड़ी कार्रवाई में 3000 KG महुआ नष्ट








