चाईबासा/जगन्नाथपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 15 जून 2026 को काटेपाड़ा गांव के ग्रामीण मुंडा द्वारा सूचना दी गई थी कि काटेपाड़ा जंगल स्थित सुखदेवलंगर नाला में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जिससे दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।
जांच के दौरान शव की पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के छोटामहुलडीहा गांव निवासी मुकेश बारजो (20 वर्ष) के रूप में हुई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही रहने वाले फंटुस लागुरी के साथ मुकेश का आपसी विवाद हुआ था। उस दौरान फंटुस लागुरी ने मुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो के लिखित आवेदन के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 33/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1) एवं 238 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 16 जून 2026 को आरोपी फंटुस लागुरी (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास सहित जगन्नाथपुर थाना एवं तकनीकी शाखा के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपराध संबंधी किसी भी सूचना को तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर देने की अपील की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
http://पश्चिमी सिंहभूम : खंडखोरी में गला रेतकर हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार








