IPL की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आगाज 22 सितंबर से, विजेता टीम को मिलेंगे ₹10 लाख

पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग 2026

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम में क्रिकेट को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 22 सितंबर 2026 से चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आयोजन किया जाएगा। आईपीएल और झारखंड टी-20 लीग की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ और स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के बीच तीन वर्षों के लिए एकरारनामा (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

जिला क्रिकेट संघ की ओर से महासचिव असीम कुमार सिंह तथा स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कंपनी के निदेशक पियुष आनंद ने संघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर कर इसकी प्रतियों का आदान-प्रदान किया।

पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग 2026

महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चाईबासा चैलेंजर्स, सारंडा स्ट्राइकर्स, जगन्नाथपुर टाइगर्स, किरीबुरू ब्लास्टर्स, चक्रधरपुर रॉयल्स और नोवामुंडी टाइटंस शामिल हैं। लीग का उद्देश्य जिले के प्रतिभावान क्रिकेटरों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें पेशेवर क्रिकेट की ओर आगे बढ़ने का अवसर देना है।

प्रतियोगिता में विजेता टीम को 10 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच के ‘मैन ऑफ द मैच’ को स्मार्ट वॉच, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को स्मार्टफोन तथा पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को बाइक या स्कूटी से सम्मानित किया जाएगा।

स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पियुष आनंद ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण फैनकोड (FanCode) पर किया जाएगा, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रेमी इस लीग का आनंद ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की फ्रेंचाइजी नीलामी भी आईपीएल की तर्ज पर होगी। जिला क्रिकेट संघ द्वारा उपलब्ध कराए गए खिलाड़ियों को ए, बी और सी श्रेणी में विभाजित किया जाएगा। ए श्रेणी में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी, बी श्रेणी में जिला स्तर के खिलाड़ी तथा सी श्रेणी में स्थानीय लीग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटर शामिल होंगे। प्रत्येक टीम में स्थानीय खिलाड़ियों के साथ झारखंड के रणजी ट्रॉफी खिलाड़ियों को आइकॉनिक खिलाड़ी के रूप में भी शामिल किया जाएगा।

जिला क्रिकेट संघ को उम्मीद है कि यह लीग पश्चिमी सिंहभूम के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच साबित होगी और जिले में क्रिकेट संस्कृति को नई ऊंचाई मिलेगी।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

​चांडिल डैम विस्थापित

Chandil News: चांडिल डैम विस्थापितों के मुद्दों पर सुवर्णरेखा परियोजना कार्यालय में समीक्षा बैठक, विधायक सविता महतो ने उठाई मांगें, विस्थापितों को मिलेंगे पुनर्वास कार्ड और मुआवजा, विशेष कैंप लगाने का निर्णय