आदित्यपुर : औद्योगिक क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने और मानसून के दौरान उद्यमियों को होने वाली समस्याओं के निपटारे को लेकर गुरुवार शाम जियाडा सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जियाडा के क्षेत्रीय उपनिदेशक दिनेश रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में औद्योगिक विकास, मुख्य रास्तों के रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर गहन चर्चा की गई।

बैठक के दौरान बरसात के मौसम को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र के एंट्री पॉइंट्स और अंदरूनी रास्तों के गड्ढे भरने, स्ट्रीट लाइट मेंटेनेंस तथा बंद पड़ी नालियों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
इंडस्ट्रियल स्टेबिलिटी रिफॉर्म ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) के अध्यक्ष रूपेश कतरियार ने जानकारी देते हुए बताया कि टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग से औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश करने वाले प्रमुख स्थानों—जैसे आरआईटी मोड़, डीवीसी मोड़, बिको मोड़ और उषा मोड़—की जर्जर सड़कों को जियाडा द्वारा त्वरित गति से दुरुस्त किया जाएगा। इससे भारी वाहनों और कामगारों के आवागमन में सहूलियत होगी।
प्रतिमाह उद्यमियों और औद्योगिक संगठनों के साथ आयोजित होने वाली इस बैठक में उद्योग जगत से जुड़ी कई समस्याओं को रखा गया, जिन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिला। इस अवसर पर संदीप मिश्रा, गौतम महापात्र, राजीव शुक्ला समेत कई प्रमुख उद्यमी व औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।








