Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोआमुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा बाजार स्थित शहीद स्मारक पर मंगलवार को गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक नीरल पूर्ति, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और चाईबासा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन ने भी शहीदों को नमन किया।
सलाई और डेरवां में गुवा गोलीकांड के शहीदों को सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गुवा गोलीकांड के शहीदों के संघर्ष, साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सिंहभूम प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम, कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू तथा डीडीसी उत्कर्ष कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बिरसा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।








