Saraikela (सरायकेला) : जिला मुख्यालय क्षेत्र में कोटपा (COTPA) अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से गुरुवार शाम एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन के नेतृत्व में की गई, जिससे तंबाकू और पान मसाला विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने लगभग एक दर्जन दुकानों और गुमटियों की सघन जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर पान मसाला, तंबाकू और सिगरेट बेचने वाले कई दुकानदारों पर ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई की गई।
स्कूलों के पास विशेष निगरानी
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में संचालित दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बिना एक्सपायरी डेट के सामान और अवैध साइन बोर्ड जब्त
निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में ऐसी खाद्य सामग्रियां जब्त की गईं, जिन पर न तो एक्सपायरी डेट अंकित थी और न ही निर्माता कंपनी का नाम दर्ज था। इसके अलावा, नियमों के विपरीत लगाए गए तंबाकू उत्पादों के प्रचार-प्रसार संबंधी कई अवैध साइन बोर्ड को भी मौके से हटाया गया।
प्रशासन का रुख:
अधिकारियों ने दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों की जानकारी देते हुए भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और युवाओं को तंबाकू से दूर रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
http://प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री चाईबासा में जोरों पर, कालाबाजारी बढ़ी







