Sonam Wangchuk Support Rally in Chaibasa: शिक्षा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति की बाइक रैली, छात्र आंदोलन को दिया समर्थन

चाईबासा में कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति

चाईबासा: देशभर में शिक्षा व्यवस्था में कथित धांधली, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन को पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में भी समर्थन मिला। कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति (कायस) के बैनर तले कार्यकर्ताओं और युवाओं ने शहर में बाइक रैली निकालकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार की मांग की।

रैली चाईबासा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा हाथों में तख्तियां लेकर शामिल हुए। तख्तियों पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग से जुड़े संदेश लिखे थे।

रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “शिक्षा में धांधली बंद करो”, “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “छात्र एकता जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संगठन के सदस्यों ने कहा कि वे देशभर में छात्रों द्वारा उठाई जा रही मांगों के समर्थन में यह रैली निकाल रहे हैं। उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा प्रभावित हुआ है, इसलिए इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

बाइक रैली में संगठन के संयोजक वीर सिंह बालमुचू सहित सनातन पिंगुआ, संजय लागुरी, अमर पिंगुआ, भगवान सवैयाँ, सिमरन देवगम, राहुल बिरुआ, किशोर गगराई और राजकुमार मुंडारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *