चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग 2026 में रविवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में कोल्हान किंग ने चक्रधरपुर रॉयल्स को दो विकेट से हराकर अपनी चौथी जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में चाईबासा चैलेंजर्स ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को 33 रनों से पराजित किया। इस जीत के साथ कोल्हान किंग ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, वहीं चाईबासा चैलेंजर्स का अंतिम चार में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
कोल्हान किंग ने दो विकेट से दर्ज की रोमांचक जीत
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में कोल्हान किंग के कप्तान शिवम कुमार ने टॉस जीतकर चक्रधरपुर रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। चक्रधरपुर रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 186 रन बनाए। ललित शुक्ला ने नाबाद 43 रन, शिवम पटेल ने 40, डेविड सांगा ने 30 और हर्ष कुमार ने 26 रन बनाए।
कोल्हान किंग की ओर से यशस्वी मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर चार विकेट झटके।
187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान किंग की टीम ने 19.1 ओवर में आठ विकेट खोकर 187 रन बना लिए। आशीष तनवर ने महज 31 गेंदों पर पांच चौके और सात छक्कों की मदद से 70 रनों की विस्फोटक पारी खेली। कप्तान शिवम कुमार ने 32 और सत्यम यादव ने 26 रन बनाए। यशस्वी मिश्रा ने नाबाद 16 तथा विकास यादव ने 10 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए यशस्वी मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पांच लीग मैचों में चार जीत के साथ आठ अंक हासिल कर कोल्हान किंग अंक तालिका में शीर्ष पर कायम है।
चाईबासा चैलेंजर्स ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को 33 रनों से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में चाईबासा चैलेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 218 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल महतो ने छह छक्कों और एक चौके की मदद से 55 रन बनाए। कप्तान सुमित कुमार ने 35, एमोस एक्का ने 34, सचिन दूबे ने 32, अरविंद कुमार ने 25 और हर्ष राणा ने 22 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर टाइगर्स की टीम 19.1 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान विकास सिंह ने 22 गेंदों पर 46 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। निकेत सिंह ने 43 और रौशन कुमार ने 42 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से आकाश कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि एमोस एक्का, सचिन दूबे और फैजानुल रहमान ने दो-दो विकेट हासिल किए। सचिन दूबे को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस हार के साथ जगन्नाथपुर टाइगर्स सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई, जबकि चाईबासा चैलेंजर्स ने अंतिम चार में पहुंचने की अपनी उम्मीदें मजबूत कर ली हैं।








