चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय शिक्षिका की जान चली गई। गोइलकेरा-चक्रधरपुर मार्ग स्थित एनएच-320डी पर निश्चितपुर स्कूल के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार शिक्षिका को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान निश्चितपुर गांव निवासी वंदना महतो (23) के रूप में हुई है। वह एसएस प्लस टू हाई स्कूल, सोनुवा में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। सोमवार सुबह वह नियमित रूप से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
जगन्नाथपुर–डंगोआपोसी सड़क हादसे में घायल युवराज नायक का TMH में निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

मौत की खबर से भड़का आक्रोश, घंटों जाम रहा एनएच-320डी
शिक्षिका की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने एनएच-320डी पर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टरों का संचालन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई ट्रैक्टर नाबालिग अथवा नशे की हालत में चालक चला रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा मृत शिक्षिका के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की।
ट्रैक्टर जब्त, चालक की तलाश जारी
सूचना मिलने पर सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक घटना के बाद फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
http://Saraikela : राजनगर में भीषण सड़क हादसे में बाईक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत








