West Singhbhum (पश्चिमी सिंहभूम): मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान एक भारी और पुराना विस्फोटक (मोर्टार शेल) मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लगभग 30 किलोग्राम वजनी और करीब दो फीट लंबे इस जंग लगे विस्फोटक के बरामद होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
http://जमशेदपुर में 227 किलो का संदिग्ध अमेरिकी बम बरामद, सेना के लिए चुनौती — इलाके में हाई अलर्ट
जानकारी के अनुसार, सोनपोखरी गांव निवासी विजय हेंब्रम के खेत में ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो जुताई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर किसी भारी वस्तु से टकराया। जब मिट्टी हटाकर देखा गया तो वहां एक बड़ा जंग लगा विस्फोटक दिखाई दिया। शुरुआत में खेत मालिक और चालक ने इसे सामान्य धातु का टुकड़ा समझकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में इसके विस्फोटक होने की आशंका होने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मनोहरपुर के पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर कर दिया। विस्फोटक मिलने की खबर तेजी से फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद वस्तु एक पुराना और अत्यंत शक्तिशाली मोर्टार शेल प्रतीत होता है, जिसका उपयोग युद्ध अथवा सैन्य अभियानों में किया जाता रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।
बम निरोधक दस्ते ने काफी सावधानी और मशक्कत के बाद विस्फोटक को खेत से निकालकर लगभग 200 मीटर दूर एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सुरक्षा कारणों से देर शाम उसे एक गहरे गड्ढे में सुरक्षित रखा गया। बताया जा रहा है कि सेना अथवा विशेषज्ञ टीम द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत बाद में इस विस्फोटक को निष्क्रिय या नष्ट किया जाएगा।
एसपी ने की पुष्टि
एसपी अमित रेणु ने बताया कि ग्रामीण द्वारा जानकारी मिली थी हमारी पुलिस व सीआरपीएफ की टीम ने उसे कब्जे ले ली है। बीडीडीएस टीम ने भी उसकी जांच की है आगे जैसी रिपोर्ट आएगी उस अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऐसी कोई खतरे की बात नही है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा खेतों में किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।







