सरायकेला: टाटा-चाईबासा मुख्य सड़क पर बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा में 40 वर्षीय सुलेखा महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके देवर रूपेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा समाहरणालय मोड़ स्थित टीवीएस शोरूम के समीप हुआ, जहां एक अज्ञात हाईवा ने पीछे से स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

जमशेदपुर से गांव लौट रहे थे दोनों
मिली जानकारी के अनुसार सुलेखा महतो और रूपेश कुमार महतो स्कूटी से जमशेदपुर से अपने घर चाईबासा जिले के भालूरंगी गांव जा रहे थे। रास्ते में सरायकेला के समाहरणालय मोड़ के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सुलेखा महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रूपेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
चालक वाहन लेकर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार हाईवा और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन की तलाश कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।








