सरायकेला: जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ ने व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी जिलादेश संख्या-806/2026 के तहत जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी में कार्यरत कुल 30 पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिली नई जिम्मेदारियां
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई), अवर निरीक्षक (एसआई) तथा महिला सहायक अवर निरीक्षकों को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह तथा जनोन्मुखी बनाना बताया गया है।

तबादला सूची के अनुसार पुलिस केंद्र सरायकेला में पदस्थापित विश्वजीत कुमार तिवारी, हीरालाल कुमार एवं विक्रमादित्य पाण्डेय को आदित्यपुर थाना भेजा गया है। वहीं अजय पासवान को गम्हरिया थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा आदित्यपुर थाना से भी कई पुलिस पदाधिकारियों का अन्य थाना क्षेत्रों में स्थानांतरण किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों की नई तैनाती आदित्यपुर थाना में की गई है।
कई थानों और ओपी में हुआ पुनर्गठन
प्रशासनिक आदेश के तहत गम्हरिया, काण्ड्रा, चौका, चाण्डिल, सरायकेला, खरसावाँ, कपाली ओपी, आमदा ओपी तथा दलभंगा ओपी सहित कई थाना क्षेत्रों में पदस्थ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
28 जून तक योगदान देने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को 28 जून 2026 तक अपने नव पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं परिचारी प्रवर को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर योगदान नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिवेदन भेजकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।








