शांति समिति की बैठक में व्हाट्सएप ग्रुप के खिलाफ शिकायत, अधिकारियों ने कहा-कार्रवाई होगी

Goilkera : शनिवार को गोइलकेरा थाने में होलिकोत्सव एवं शब ए बारात के त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। इस बैठक में नागरिकों ने समाज में विभेद पैदा करने वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए व्हाट्सएप ग्रुप की शिकायत की।

 

रेल आंदोलन को लेकर बनाए गए एक व्हाट्सएप ग्रुप में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक के फर्जी लेटर पैड का गलत इस्तेमाल कर उनके नाम से आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी। शांति समिति के सदस्य दिनेश गुप्ता ने कहा कि इससे पूर्व विधायक की छवि खराब करने की कोशिश और समाज को बांटने का कुत्सित प्रयास किया गया है। इसलिए ऐसे पोस्ट डालने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। सदस्य आलोक रंजन सिंह ने कहा कि पूर्व विधायक गुरुचरण नायक काफी सुलझे हुए और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं। उनके लेटर पैड के गलत इस्तेमाल करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी वह पूर्व विधायक को भी देंगे। बैठक में थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर बीडीओ विवेक कुमार ने कहा कि होली और शब ए बारात के त्योहार को सौहार्द के साथ मनाएं। एक दूसरे की भावनाओं की कद्र करें और आपसी भाईचारा कायम रखें। बैठक में जिप सदस्य ज्योति मेराल, मुखिया सुनीता मेराल, पंसस बानी सिन्हा, 20 सूत्री अध्यक्ष अकबर खान, सत्यनारायण घोष, अनंत प्रसाद, विमल सिन्हा, रवीन्द्र प्रसाद, सुनील गुप्ता, साकेत वाजपेयी, राजकुमार सिन्हा समेत काफी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *