अज्ञात शव बरामद
Gamharia (गम्हरिया) : सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरराजपुर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने कब्जे में लिया शव
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Adityapur Dead body found: रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात शव, पुलिस जांच में जुटी, लोगों ने जताया मर्डर का शक।

सिर में चोट लगने से हुई मौत
गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या के प्रयास का प्रतीत होता है। घटना स्थल पर मौजूद साक्ष्यों के अनुसार, व्यक्ति ने बीरराजपुर स्टेशन के निकट एक विशाल बरगद के पेड़ पर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की थी। हालांकि, फंदा बीच से टूट गया, जिसके कारण वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा और सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस को पेड़ पर फंदे का एक हिस्सा लटका हुआ मिला है, जबकि दूसरा हिस्सा मृतक के गले में फंसा हुआ था।
पुलिस की अपील
मृतक की उम्र और पहचान की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई भी पहचान पत्र या मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, मृतक ने सफेद रंग की छींटदार टी-शर्ट, धारीदार शर्ट और हरे रंग का ट्राउजर पहन रखा था। थाना प्रभारी ने मृतक की तस्वीर जारी करते हुए आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस हुलिए के शख्स को पहचानता हो, तो वे तत्काल गम्हरिया थाना या संबंधित पुलिस अधिकारियों से संपर्क करें। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के जिलों के थानों को भी इसकी सूचना भेज दी गई है।








