रांची में जंगली हाथी के प्रवेश से शुक्रवार सुबह राजधानी के हटिया और आसपास के शहरी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। अपने झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी अचानक आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया, जिससे सुबह सैर पर निकले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
हटिया इलाके में दिखा हाथी, लोग भागे
जानकारी के अनुसार हटिया के नायक मोहल्ला क्षेत्र में सुबह नदी की ओर जा रहे लोगों ने हाथी को देखा। अचानक सामने हाथी आने से लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे और पूरे इलाके में इसकी सूचना तेजी से फैल गई।
बताया जा रहा है कि हाथी करा क्षेत्र के जंगलों से भटककर शहर में प्रवेश कर गया था।
राज्य मुख्यालय और निफ्ट परिसर तक पहुंचा हाथी
जंगली हाथी धुर्वा एवं रिंग रोड क्षेत्र से गुजरते हुए प्रोजेक्ट भवन स्थित राज्य मुख्यालय और पुलिस मुख्यालय के आसपास पहुंच गया। इसके बाद नकटी नदी पार कर हाथी राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) रांची परिसर में घुस गया, जहां उसने बाउंड्री दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
करीब एक घंटे तक हाथी परिसर के अंदर घूमता रहा। स्थिति को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने मुख्य गेट खोल दिया, जिससे हाथी बाहर निकल सका।
पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
सूचना मिलते ही झारखंड वन विभाग एवं स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सायरन बजाकर हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास किया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
इसके बाद हाथी कचनार टोली, हेसाग और सिंह मोड़ होते हुए कल्याणपुर क्षेत्र की ओर बढ़ा। लगातार निगरानी के बाद हवाई नगर के पास हाथी को एयरपोर्ट क्षेत्र से सटे जंगलों की ओर सुरक्षित मोड़ दिया गया।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर भीड़ न लगाएं, वीडियो बनाने या पास जाने की कोशिश न करें तथा तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।
http://चाईबासा : नीमडीह गांव में हाथी आतंक, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा







