चाईबासा: चाईबासा शहर में लंबे समय से सक्रिय डेंडराइट गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शहरवासी इस गैंग के आतंक से परेशान थे, जो विशेष रूप से छोटे गुमटी, ठेले और अस्थायी दुकानों को निशाना बनाकर रात के समय ताला तोड़कर चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
हाल के दिनों में बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने जनहित में पहल करते हुए निजी स्तर पर जांच शुरू की। उन्होंने पहले भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग को पत्राचार किया था। इसी क्रम में निबंधन कार्यालय, चाईबासा के पास एक चाय गुमटी में हुई चोरी की घटना की छानबीन के दौरान गुरुवार को स्थानीय लोगों के सहयोग से संदिग्धों को पकड़ा गया।
शुरुआत में आरोपियों ने चोरी में संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उन्होंने घटना को स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर कचहरी तालाब के नीचे पुलिया के जल निकासी द्वार से चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद सामग्री में बिस्किट, ब्रेड, टोस्ट, चिप्स, कुरकुरे सहित अन्य खाद्य सामग्री और ताला तोड़ने के औजार शामिल हैं।
इस मामले में एक-दो बालिग युवाओं के साथ एक नाबालिग बच्ची और एक नाबालिग बच्चा भी शामिल पाए गए। घटना की सूचना तत्काल सदर थाना को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी तरुण कुमार के निर्देश पर एसआई अजित होनहागा पीसीआर वैन के साथ मौके पर पहुंचे और सभी आरोपियों को सामान सहित हिरासत में लेकर थाना ले गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
http://जमशेदपुर: शादी से पहले घर से आभूषण चोरी, महिला सहित दो गिरफ्तार, 2.60 लाख के गहने बरामद








