भाजपा की पहली सरकार बनी, ब्रिगेड मैदान में भव्य समारोह
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। समारोह में हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए और पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा।
शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। नई सरकार के गठन को भाजपा ने पश्चिम बंगाल में “नए दौर की शुरुआत” बताया है।
शपथ ग्रहण से पहले शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी कर इसे पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए लिखा कि आज राज्य में पहली बार भाजपा सरकार का गठन हो रहा है, जो लंबे समय से देखे जा रहे राजनीतिक परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने “सिटी ऑफ जॉय” को नई उम्मीदों और विकास की दिशा में आगे बढ़ने वाला बताया।
ब्रिगेड मैदान में आयोजित समारोह के दौरान भाजपा समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि नई सरकार राज्य में विकास, उद्योग, रोजगार और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देगी। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार बिना भेदभाव के राज्य के सभी वर्गों के लिए काम करेगी और बंगाल को नई दिशा देने का प्रयास करेगी।







