New Delhi : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी National Testing Agency ने परीक्षा रद्द होने के बाद अब री-एग्जाम की नई तारीख घोषित कर दी है। एजेंसी ने बताया कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इस फैसले से देशभर के करीब 22 लाख छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।

NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक पोस्ट जारी कर परीक्षा की नई तारीख की जानकारी दी। एजेंसी ने छात्रों से केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करने की अपील की है।
पेपर लीक विवाद के बाद लिया गया फैसला
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET परीक्षा के बाद पेपर लीक और गेस पेपर विवाद ने बड़ा रूप ले लिया था। 7 मई को NTA को शिकायत मिली थी कि बाजार में वायरल कुछ गेस पेपर में वही सवाल मौजूद थे जो वास्तविक परीक्षा में पूछे गए थे। इसके बाद उच्च शिक्षा विभाग ने तत्काल जांच शुरू कर मामले को सरकारी एजेंसियों को सौंप दिया।
जांच में यह सामने आया कि गेस पेपर की आड़ में असली प्रश्न पत्र लीक हुआ था। विभिन्न राज्यों की एजेंसियों से समन्वय के बाद 12 मई तक इस पूरे मामले की पुष्टि हुई। इसके बाद केंद्र सरकार और NTA ने परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया।
अगले साल से ऑनलाइन मोड में होगी NEET परीक्षा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले वर्ष से NEET परीक्षा OMR शीट के बजाय कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। सरकार का मानना है कि ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली लागू होने से पेपर लीक जैसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लग सकेगी और परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है ताकि छात्रों का भरोसा कायम रहे।
छात्रों में राहत, लेकिन तैयारी का दबाव बरकरार
री-एग्जाम की तारीख घोषित होने के बाद छात्रों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
हालांकि लगातार बदलते घटनाक्रम के कारण छात्रों में मानसिक दबाव भी देखा जा रहा है। कई अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता की मांग की है।
NTA ने हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी करते हुए कहा है कि छात्र किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें।







