Adityapur Water Scarcity: 30 MLD प्लांट तैयार, फिर भी 22 हजार में से सिर्फ 5 हजार घरों को मिल रहा पानी

आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की बैठक में पेयजल संकट और बेतरतीब ट्रैफिक व्यवस्था पर जताया गया कड़ा विरोध

​Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को रोड नंबर-32 स्थित कार्यालय में संघ के अध्यक्ष डी.एन. ओझा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नव निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी गई और राज्य में जल्द ‘अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट’ लागू करने की मांग दोहराई गई।

 

​बैठक में क्षेत्र की दो प्रमुख जनसमस्याओं—पेयजल और ट्रैफिक व्यवस्था—पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। अधिवक्ताओं ने आदित्यपुर-कंदरा सड़क की जर्जर ट्रैफिक व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि पटेल चौक के पास बेतरतीब टेंपो खड़े रहने से रोज़ जाम लगता है। इस संबंध में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।

जिंदल प्रबंधन की तीखी आलोचना

बैठक में सीतारामपुर स्थित 30 एमएलडी (MLD) वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के तैयार होने के बाद भी उपभोक्ताओं को पानी न मिलने पर जिंदल प्रबंधन की कड़ी निंदा की गई। अधिवक्ताओं ने बताया कि 22 हजार मकानों को पानी मिलना है, लेकिन अब तक केवल 4 से 5 हजार घरों को ही कनेक्शन मिला है।

​बिना सूचना जलापूर्ति ठप करने और जिंदल के मैनेजर पीयूष सिन्हा के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को लेकर संघ ने उपायुक्त, मेयर और नगर निगम प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

​बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित सदस्य:

अध्यक्ष डी.एन. ओझा, मुख्य संरक्षक ओम प्रकाश, अरुण कुमार सिंह, रंजना मिश्रा, मनोज दुबे, निशांत कुमार, और रविशंकर पासवान समेत कई अधिवक्ता।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *