Adityapur (आदित्यपुर) : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय सिंह के आवास पर रविवार को ‘माँ भवानी फोर्ज प्राइवेट लिमिटेड’ के तत्वाधान में “स्वामी विवेकानंद प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया।
इस समारोह में 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 100 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, बच्चों के भविष्य को संवारने वाले शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड संख्या 22 की पार्षद श्रीमती अंजू सिंह एवं कांग्रेस महासचिव अजय सिंह ने संयुक्त रूप से सेवानिवृत्त प्राचार्या श्रीमती नीलिमा पांडे को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो प्रदान कर किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर कड़ी मेहनत कर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं का कहना था कि क्षेत्र में इस तरह का गरिमामयी आयोजन पहली बार हुआ है, जिससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा और समाज में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक माहौल तैयार होगा।
इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता संजीव कुमार सिंह (बबुआ सिंह) ने की, जबकि मंच संचालन प्रकाश मेहता द्वारा किया गया। समारोह को सफल बनाने में एडवोकेट श्रीमती ज्योति, श्रीमती सीमा तिवारी, मोहन तिवारी, रंजन कुमार (टूटू), संजय चाचरा, अनिल कुमार चौधरी, अमरदीप शर्मा (बंटी), सतीश प्रसाद और लालू तिवारी सहित कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन एडवोकेट संजीव कुमार ने किया। सभी अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








