Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर रोड नंबर 32 स्थित कार्यालय में सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक हुई। मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक श्री ओमप्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का संचालन अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री दीपेंद्र नाथ ओझा ने किया। बैठक में क्षेत्र की बदहाल पेयजल व्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
5 साल बाद भी अधूरी है ₹395 करोड़ की योजना
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कहा गया कि 4 दिसंबर 2018 को शुरू हुई ₹395 करोड़ की आदित्यपुर पेयजल आपूर्ति योजना को दिसंबर 2021 तक पूरा होना था। पांच साल बीतने के बाद भी यह काम अधूरा है। दुख की बात है कि इस जनविरोधी सुस्ती पर लोकसभा या झारखंड विधानसभा में किसी जनप्रतिनिधि ने आवाज नहीं उठाई, जिससे जनता आहत है।
कार्यकर्ताओं ने हैरानी जताई कि सीतारामपुर का 30 MLD वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट दो महीने पहले बनकर तैयार है और 9 अप्रैल से इसकी टेस्टिंग भी चल रही है, फिर भी नगर निगम ने जलापूर्ति शुरू नहीं की। यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कड़े निर्देशों के बावजूद नगर निगम की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
13 जून को होगा महाधरना, उप-समिति गठित
नेताओं ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि 12 जून 2026 तक 30 MLD प्लांट से नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हुई, वैध उपभोक्ताओं को नए पाइप से कनेक्शन नहीं मिला और सपड़ा स्थित 60 MLD प्लांट को अगस्त 2026 तक चालू करने का लिखित आश्वासन नहीं मिला, तो 13 जून को पटेल चौक और आकाशवाणी चौक पर एक दिवसीय महाधरना दिया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए एक उप-समिति बनाई गई है, जिसमें श्रीमती शारदा देवी, पार्षद नीतू शर्मा, सुधीर चौधरी, धनंजय कुमार सहित शशांक गांगुली, अधिवक्ता मनोज कुमार व आशुतोष कुमार शामिल हैं।
रेलवे मुद्दों पर राय और महतो का रुख
बैठक में टाटानगर स्टेशन पर ट्रेनों की लेत-लतीफी के खिलाफ जमशेदपुर (पश्चिम) के विधायक सरयू राय के जन आंदोलन का पूरा समर्थन किया गया। वहीं, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के विकास कार्यों की सराहना करते हुए निर्णय लिया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलकर आदित्यपुर स्टेशन पर दुर्ग-पटना, टाटा-मुजफ्फरपुर, पटना सुपरफास्ट और इस्पात एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के पूर्ववत ठहराव की मांग करेगा। इसके अलावा, नागरिकों से राष्ट्रीय जनगणना में पूर्ण सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस दौरान मोर्चा के उपाध्यक्ष अधिवक्ता सुनील कुमार स्वाईं (जिन्होंने अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया), रंजनी मिश्रा, महासचिव राजेश कुमार मुन्ना, अधिवक्ता संघ के महासचिव रवि शंकर पासवान, उपाध्यक्ष निशांत कुमार, डॉ. मृत्युंजय सिंह, राकेश कुमार मिश्रा, अजय कुमार सिंह, मदन सिंह, महेंद्र प्रसाद, दिलीप कुमार साव, आशीष कुमार धर और आयुष भगत समेत कई लोग उपस्थित थे।








