Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। मामले में दोनों ही पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

प्रथम पक्ष का आरोप: पैतृक जमीन पर काम करने के दौरान हुआ जानलेवा हमला
पहले पक्ष के इच्छापुर लाइनटोला निवासी रघु हेम्ब्रम ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 जून 2026 को जब वह अपने पैतृक खतियानी प्लॉट नंबर 671 पर साफ-सफाई करवा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के दिलीप मंडल, असीम भुइयां उर्फ मोलू, राहुल मंडल और अन्य लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने लोहे की छड़ और हथौड़ी से रघु हेम्ब्रम पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, जबड़े और छाती पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने आरोपियों पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए आदिवासी उत्पीड़न अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।
द्वितीय पक्ष का आरोप: जबरन कब्जा और जान से मारने की धमकी
वहीं दूसरी ओर, काउंटर शिकायत के अनुसार, आदित्यपुर-2 रोड नंबर 5 की रहने वाली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला राधा देवी ने भी थाने में सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर जबरन काम कराया जा रहा है और कुछ लोग उनकी जमीन को अवैध रूप से बेचने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर उनके और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। वृद्धा ने पुलिस से अपनी जमीन पर हो रहे अवैध कार्य को रोकने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आदित्यपुर थाना पुलिस दोनों आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए मामले की सत्यता और दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।








