Adityapur (आदित्यपुर) : आरआईटी थाना अंतर्गत आसंगी चेक डैम में शनिवार को नहाने गए दो स्कूली छात्रों के डूबने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सघन खोजबीन अभियान के बाद रविवार सुबह दूसरे लापता छात्र उत्सव (निवासी कल्पनापुरी) का शव भी बरामद कर लिया गया। इससे पूर्व, शनिवार को ही दूसरे छात्र लव (निवासी एस टाइप) का शव गोताखोरों की मदद से पानी से निकाल लिया गया था।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों छात्र चेक डैम में नहाने गए थे, जहां गहरे पानी में जाने के कारण यह हादसा हुआ। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने उत्सव के शव को पानी में तैरते देख तुरंत आरआईटी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक साथ दो मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासनिक लापरवाही पर भड़के ग्रामीण
इस हादसे ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पूर्व में भी इस खतरनाक चेक डैम में कई डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। डैम के समीप न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही बैरिकेडिंग की गई है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रशासन से तुरंत सुरक्षात्मक कदम उठाने की पुरजोर मांग की है।







