जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चापड़ के बल पर राहगीर से लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी, दो स्टील के चापड़ और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 38/2026 के तहत यह मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता राजेश कुमार जायसवाल ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह बर्मामाइंस बाजार जा रहे थे। बाजार से पहले सुनसान स्थान पर वह मोटरसाइकिल रोककर लघुशंका कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी से पहुंचे दो युवकों ने चापड़ दिखाकर उनका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया, जिसमें 700 रुपये नकद थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से भागने लगे, लेकिन बर्मामाइंस बाजार के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी स्कूटी, चापड़ और मोबाइल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से स्कूटी, मोबाइल फोन और दोनों चापड़ जब्त कर लिए। इसके बाद तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक आरोपी निहाल खत्री (पिता–अनुज खत्री), निवासी गोलमुरी मार्केट, लुहार लाइन, थाना गोलमुरी, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई 700 रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है। बरामद सामानों में घटना में प्रयुक्त स्कूटी (संख्या JH05 DR-1920), दो स्टील के चापड़ तथा लूटी गई नकदी शामिल है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि निरुद्ध नाबालिग का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ गोलमुरी थाना में वर्ष 2025 और 2026 के दौरान गंभीर धाराओं में तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।







