चाईबासा: टाटा कॉलेज के संस्थापक सचिव एवं शिक्षा जगत के प्रख्यात व्यक्तित्व स्वर्गीय महात्मा पूर्णचंद्र बिरुवा की जयंती के अवसर पर बुधवार को टाटा कॉलेज परिसर, चाईबासा में आदिवासी हो समाज युवा महासभा द्वारा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने उनके शिक्षा, समाजसेवा और जनजागरण के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने कहा कि स्वर्गीय महात्मा पूर्णचंद्र बिरुवा ने सिंहभूम-कोल्हान क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार और सामाजिक जागरूकता के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में स्थापित टाटा कॉलेज ने हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान किया। इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर अनेक छात्र भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), राज्य प्रशासनिक सेवा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), पुलिस उपाधीक्षक (DSP), विधायक, मंत्री तथा मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे और समाज व राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बिरसिंह बिरुली ने कहा कि स्वर्गीय महात्मा पूर्णचंद्र बिरुवा का संपूर्ण जीवन शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श और विचार आज भी युवाओं को शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण तथा सामाजिक उत्थान के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय महात्मा पूर्णचंद्र बिरुवा के जीवन और कार्यों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही शिक्षा के प्रसार, सामाजिक विकास और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर आदिवासी हो समाज महासभा के महासचिव सोमा कोड़ा, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र पुरती, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द बिरुवा, जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, प्रदेश कोषाध्यक्ष शंकर सिदू, जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र पुरती, पूर्व मुखिया नटवर बिरुवा, पूर्व मुखिया मंजू बिरुवा, आशीष कुमार तिरिया, धनपति पिंगुवा, करन होनहागा, थॉमस बिरुवा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








