आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत जनता रो हाउस कॉलोनी में अपराधियों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मकान संख्या-268 की चहारदीवारी फांदकर मुख्य दरवाजे का ताला काटा और भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद अलमारियों के लॉकर तोड़कर लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद समेटकर फरार हो गए।

यह घर आदित्यपुर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में कार्यरत सीनियर अकाउंटेंट बिपिन कुमार झा का है। वह अपने परिवार के साथ बेटी से मिलने पुणे गए हुए थे। बुधवार दोपहर एक राहगीर ने घर का मुख्य गेट खुला और टूटा हुआ ताला देखकर परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने देखा कि कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब थे।
स्थानीय पार्क बना असामाजिक तत्वों का अड्डा, गश्त बढ़ाने की मांग
घटना की सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है। गृहस्वामी के पुणे से लौटने के बाद ही नुकसान का सटीक आकलन हो सकेगा।
इस बीच, स्थानीय निवासियों ने कॉलोनी के पास स्थित नगर निगम पार्क में शाम ढलते ही जुटने वाले नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर गहरी नाराजगी जताई है। लोगों का आरोप है कि पुलिस गश्ती की कमी के कारण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है।
http://Saraikela News: खरसावां में बंद पड़े प्लांट से लोहे की चोरी का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार








