सरायकेला। जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत तमोलिया स्थित गोविंद विद्यालय के पास शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस वारदात में एक युवक के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आपराधिक घटनाओं में संलिप्त और तीन बार जेल जा चुका शातिर अपराधी ‘गोल्डन’ अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर गोल्डन ने अपने ही साथी पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे युवक के पैर में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गोल्डन मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम (MGM) अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
मामले पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार का बयान:
“गोली युवक के पैर में लगी है और फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।”







