आदित्यपुर: आदित्यपुर-1, मेन रोड स्थित प्रसिद्ध पान दुकान चौक पर शुक्रवार (योगिनी एकादशी) को परमपूज्य श्री श्री 1008 देवराहा बाबा सरकार का 36वाँ महाप्रयाण दिवस (पुण्यतिथि) अत्यंत श्रद्धापूर्वक और भव्यता के साथ मनाया गया। यह धार्मिक आयोजन श्री श्री 1008 देवराहा बाबा ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री श्री बिदेश्वर झा जी (बाबाजी) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा विशेष रूप से आदित्यपुर पहुंचे और देवरहा बाबा की पूजा-अर्चना कर उनका दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया।मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि बाबा देवरहा जी देश के उन श्रेष्ठ संतों में से थे, जिन्होंने हमेशा समाज को सत्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके भीतर की दिव्य ज्योति आज भी जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त कर रही है। अर्जुन मुंडा ने इस बात पर भी जोर दिया कि योग और आयुर्वेद भारत की आदिम संस्कृति का हिस्सा हैं, जिन्हें सहेज कर रखना हम सभी का परम कर्तव्य है।

धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात, अर्जुन मुंडा आदित्यपुर-2 स्थित एमआईजी टावर मैदान पहुंचे, जहाँ भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह द्वारा एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहाँ पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्वयं पौधा लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि पेड़ लगाना किसी और के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन और प्राणवायु के लिए सबसे ज्यादा आवश्यक है।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह सहित आदित्यपुर एवं भाजपा आरआईटी मंडल के तमाम वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।








