सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे रविवार सुबह एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नुवागढ़ धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है, जो मिरुडीह के एक निजी स्कूल में कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार, जीतन महतो शनिवार शाम करीब 6 बजे माणिक बाजार में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उनके साथ तीन अन्य लोग भी थे, जिसके बाद से वह लापता हो गए थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे ब्रिज के नीचे उनका शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस तफ्तीश के बाद ही हो सकेगा।
जीतन महतो अपने दो भाइयों में बड़े थे और अपने पीछे पत्नी व चार साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। इस असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।








