सरायकेला/आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया की बोलाईडीह बस्ती में हुए सनसनीखेज जगरनाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है।
रविवार को सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का आधिकारिक तौर पर पर्दाफाश किया।
गम्हरिया: बोलायडीह हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रेम नायक गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात 18 जुलाई 2026 को घटित हुई थी, जिसके बाद बलरामपुर निवासी सोनू गोप ने आदित्यपुर थाने में अपने भाई जगरनाथ गोप की हत्या के संबंध में प्राथमिकी (कांड संख्या 196/2026) दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलाईडीह (गम्हरिया) से घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम प्रमाणिक (पिता-रविन्द्र प्रमाणिक), संजय नायक (पिता-रामदास नायक), प्रेम नायक और गणेश नायक (दोनों के पिता-माखन नायक) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, वहीं पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।








