गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप हुए चर्चित जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य नामजद आरोपी प्रेम नायक को रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है तथा उसकी निशानदेही पर फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे गोप पाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की।
मृतक के भाई सोनू गोप ने पुलिस को दिए बयान में शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और प्रेम नायक को हत्या का आरोपी बनाया है। परिजनों के अनुसार घटना से पहले सुबह किसी बात को लेकर गणेश और जगन्नाथ के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद प्रेम नायक जगन्नाथ को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया, जिसके कुछ समय बाद उसकी हत्या कर दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच तेज कर दी। इसी कड़ी में रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार में छापेमारी कर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
इस हत्याकांड ने एक परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पत्नी का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब उसकी हत्या के बाद आठ वर्षीय पुत्र और दो वर्षीय पुत्री के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस वारदात को लेकर लोगों में आक्रोश और शोक का माहौल है।








