चाईबासा: सदर बाजार स्थित प्राचीन काली मंदिर में शनिवार को श्री श्री काली मंदिर ट्रस्ट कमिटी के तत्वावधान में श्री श्री विपत्तारिणी पूजा श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच माता विपत्तारिणी की विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूजा में महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता विपत्तारिणी का व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सभी प्रकार की विपत्तियों से रक्षा की प्रार्थना की। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और “जय मां काली” तथा “जय मां विपत्तारिणी” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच सायंकाल तक महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। आयोजन के दौरान ट्रस्ट कमिटी के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर ट्रस्ट कमिटी के सदस्य त्रिशानु राय ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता विपत्तारिणी की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे और उनके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। उन्होंने सभी के संकटों के निवारण और मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजा-अर्चना का संचालन पुरोहित परिमल गांगुली, दिव्येंदु राय, नाडु गोपाल राय और अनुप मुखर्जी ने वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार कराया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के सचिव सुशांत राय, बिधुत राय सहित राय परिवार के सभी सदस्यों एवं ट्रस्ट कमिटी के पदाधिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।








