आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र के मौजा आसंगी में निर्मित “श्री कृष्णा सिटी” के निजी प्रवेश मार्ग पर बाहरी लोगों और अन्य बिल्डरों के अवैध प्रवेश को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रियदर्शिनी होम्स के डायरेक्टर संजय कुमार मोहंती ने प्रेस वार्ता कर मीडिया के समक्ष लिखित बयान जारी किया तथा प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच की मांग की।

संजय कुमार मोहंती ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2010-11 में खरीदी गई निजी रैयती जमीन पर प्लॉटिंग, सड़क और मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया था। यह प्रवेश मार्ग पूरी तरह से निजी संपत्ति है, जिसका उपयोग केवल सोसाइटी के निवासियों और सुरक्षा उद्देश्यों के लिए होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व, भूमाफिया और बाहरी बिल्डर अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए इस निजी रास्ते का जबरन इस्तेमाल करना चाहते हैं, जबकि उनके प्रोजेक्ट्स तक जाने का कोई वैधानिक रास्ता यहां से नहीं है।

मोहंती ने कहा कि विरोध करने पर बाहरी लोग सुरक्षा गार्डों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना लिखित अनुमति के किसी भी बाहरी बिल्डर या उसके ग्राहकों को परिसर में आने-जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान तीर्थो प्रधान, अशोक प्रधान, पंकज प्रधान, परमेश्वर प्रधान, सुजीत प्रधान, मनोहर प्रधान और सत्य प्रधान सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।








