आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरे पंजाब चौक पर बुधवार रात करीब 10:00 बजे एक नशे में धुत युवक ने चाकू की नोक पर एक कलेक्शन एजेंट से जबरन लूटपाट का प्रयास किया। हालाँकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से आरोपी की मंशा नाकाम हो गई।
आदित्यपुर में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कलेक्शन एजेंट ईमली चौक के पास अपना काम निपटा रहा था, तभी आरोपी ने उसका पीछा करना शुरू किया। इसके बाद दयाल ट्रेड सेंटर के पास आरोपी ने एजेंट को घेर लिया और चाकू दिखाकर छिनतई की कोशिश की।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। उग्र भीड़ ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी युवक को रंगे हाथों धर दबोचा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना तुरंत आदित्यपुर थाना को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी की पहचान आदित्यपुर की अलकतराड्रम बस्ती के रहने वाले एक युवक के रूप में हुई है, जो नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जाँच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








